अकेले अकेले
बस स्टैंड पर लोग थे
उनलोगों में वह लड़की थी
लेकिन उनलोगों के जैसी नहीं थी
उसके पास एक ट्रौलि थी
लेकिन वह अकेली थी
थोड़ी आहत थी
थोड़ी उदास थी
कई बार मोबाइल को देखती
कई बार चुपचाप
मोबाइल उसे देखता।
कुछ ही पल में
एक लड़का,
उसका प्रेमी सा
आ गया
फिर दोनों साथ थे
मगर दोनों अकेले थे
वह रूठ रही थी
वह मना रहा था
वह उसे कुछ समझा रहा था
मगर वह समझ नहीं रही थी
वह झुंझला रही थी
वह गुस्सा रहा था
मोबाइल की अदला बदली हुई
फिर दोनो अपने अपने जगह
वह समझा रहा था
मगर वह बुझ नहीं रही थी
जो समझा रहा था
वह नहीं समझ रही थी
फिर दोनों खड़े हुए
एक आगे
दूसरा पीछे
फिर दूसरा आगे
और पहला पीछे
बस आ गयी थी
दोनों उसमें गए
साथ गए,
पर अकेले अकेले।

Comments
Post a Comment